नैनीताल : दूषित पेयजल मामले में बड़ा एक्शन, 6 सस्पेंड

नैनीताल: ज्योलीकोट में दूषित पेयजल प्रकरण को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। पेयजल व्यवस्था में लापरवाही और जल स्रोतों की सफाई व गुणवत्ता जांच में खामी पाए जाने के बाद उत्तराखंड जल संस्थान और पेयजल निगम के कुल 6 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
ज्योलीकोट दूषित पेयजल प्रकरण में शासन स्तर से सख्त कार्रवाई की गई है। उत्तराखंड जल संस्थान के तीन अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। इनमें SC पेयजल विशाल कुमार, सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत और अपर सहायक अभियंता रविंद्र शामिल हैं।
पेयजल निगम के तीन अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। प्रभारी अधिशासी अभियंता शशिपाल सिंह, प्रभारी सहायक अभियंता संजय कुमार आर्य और कनिष्ठ अभियंता दीपांशु शर्मा को निलंबित किया गया है।
अधिकारियों पर दूषित पेयजल की समस्या, जल स्रोतों की सफाई और पेयजल की गुणवत्ता की जांच में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। कार्रवाई के साथ ही उत्तराखंड जल संस्थान हल्द्वानी की जिम्मेदारी नंद किशोर को सौंपी गई है। ज्योलीकोट में दूषित पेयजल प्रकरण सामने आने के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब छह अधिकारियों के निलंबन के बाद मामले में जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई तेज हो गई है। ज्योलीकोट के दूषित पेयजल मामले में छह अधिकारियों के निलंबन से साफ है कि पेयजल गुणवत्ता और लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा में लापरवाही को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।





