नैनीताल: 2 आरोपी जिला बदर, 6 माह के लिए..

The newsray desk | NAINITAL : नैनीताल में कानून-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के न्यायालय ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत दो आरोपियों को छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं।, जिला बदर किए गए आरोपियों में राजू सागर और पूरन सागर, दोनों निवासी नाथूपुर पाडली, लामाचौड़, थाना मुखानी शामिल हैं।
राजू सागर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के 7 मामले और गुंडा नियंत्रण अधिनियम का 1 प्रकरण दर्ज है। वहीं पूरन सागर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के 4 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा IPC की धारा 323, 504 और 506 के तहत भी एक प्रकरण दर्ज है। आपराधिक रिकॉर्ड और कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय ने दोनों आरोपियों को छह माह की अवधि के लिए नैनीताल जिले की सीमा से निष्कासित करने के आदेश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना है।





