हल्द्वानी/ the newsray desk : उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित संस्थानों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है… इसी क्रम में गुरुवार को हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में प्रशासन की टीम ने बिना मान्यता संचालित किए जा रहे मदरसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासन की संयुक्त टीम बनभूलपुरा क्षेत्र में संचालित मदरसों की जांच के लिए पहुंची। इस दौरान टीम ने मदरसों से संबंधित मान्यता, पंजीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान प्रशासन के मुताबिक, 2 मदरसों के संचालक मान्यता से जुड़े जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने दोनों मदरसों को सील कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति है। टीम ने साफ किया है कि बिना जरूरी मान्यता और निर्धारित नियमों का पालन किए किसी भी संस्थान को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बताया जा रहा है कि प्रशासन की टीम ने मौके पर दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संस्थानों के संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। अधिकारियों का कहना है कि जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और जहां भी नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।