हल्द्वानी : इंस्टाग्राम पर खुद को बताया ‘पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर’, गिरफ्तार…

हल्द्वानी : नैनीताल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है…सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताने वाले एक युवक का SOG नैनीताल ने पर्दाफाश किया है, आरोप है कि युवक ने फौजी वर्दी में अपनी मॉर्फ्ड तस्वीरें, फर्जी Army Identity Card और सोशल मीडिया पर सेना के अधिकारी होने की झूठी पहचान का इस्तेमाल किया, मामला 1 सितंबर 2026 का है। मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने SOG हल्द्वानी को सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नाम का युवक Instagram पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर SOG टीम हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित BIRLA OPUS PAINT के गोदाम तक पहुंची, जहां रोहित सिंह मेहता के कार्यरत होने की जानकारी मिली। पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल कीं और Artificial Intelligence यानी AI तथा Google Gemini की मदद से मॉर्फ्ड फोटो तैयार कीं।
इन तस्वीरों को Instagram पर अपलोड कर वह खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित करता था। पूछताछ में सामने आया कि ऐसा करने के पीछे उसका कथित उद्देश्य सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना था।
SOG टीम ने युवक के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो और वीडियो के साथ-साथ एक फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card भी मिला। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान दो स्मार्टफोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना की वर्दी वाली फोटो-वीडियो और फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card बरामद किया गया है।





