Good News : प्रीति राजपूत को राज्य स्तरीय लघु उद्यम प्रथम पुरस्कार

देहरादून/हल्द्वानी : उत्तराखंड के प्राकृतिक और पारंपरिक उत्पादों को देशभर में पहचान दिलाने के लिए हिलप्योर ऑर्गेनिक की संस्थापक प्रीति राजपूत को राज्य स्तरीय सम्मान मिला है। उद्योग निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से उन्हें वर्ष 2025-26 के राज्य स्तरीय लघु उद्यम प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। हिलप्योर ऑर्गेनिक ने उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के प्राकृतिक और पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में अपनी अलग पहचान बनाई है। हिलप्योर ऑर्गेनिक के जरिए हिमालयी शहद, कोल्ड-प्रेस्ड तेल, मिलेट्स, पहाड़ी दालें, हर्बल चाय, मसाले, अचार, जैम और स्क्वैश समेत कई स्थानीय उत्पादों को देशभर के बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। प्रीति राजपूत के प्रयासों से स्थानीय महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों को भी स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इसी योगदान को देखते हुए उद्योग निदेशालय की ओर से उन्हें वर्ष 2025-26 का राज्य स्तरीय लघु उद्यम प्रथम पुरस्कार दिया गया,
प्रीति ने कहा :
पुरस्कार मिलने के बाद प्रीति राजपूत ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उत्तराखंड के किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और उनकी पूरी टीम का सम्मान है।




